पलिया नगर में आईपीएल मैच के नाम पर धड़ल्ले से चल रहा सट्टा कारोबार,पुलिस फेल

फारुख हुसैन
पलिया कलां खीरी= नगर में इन दिनों आईपीएल मैच के नाम पर सट्टे का अवैध कारोबार जोर शोर से चल रहा है। एक रुपए को अस्सी रुपया बनाने के चक्कर में खासकर युवा वर्ग अधिक बर्बाद हो रहे हैं। सट्टे के इस खेल को बढ़ावा देने सटोरी ग्राहकों को मुफ्त में स्कीम देखने सट्टे नंबर वाले चार्ट उपलब्ध करा रहे हैं। इसका गुणा भाग कर ग्राहक सट्टे की चपेट में बुरी तरह से फंस कर पैसा इस अवैध कारोबार में गंवा रहा है।

देखा जाए तो इसमें राजनैतिक पहुंच और पुलिस से सांठगांठ के चलते ये अवैध कारोबार इस समय नगर में खुले आम संचालित हो रहा है। पुलिस और सट्टा माफियाओं की सेटिंग इतनी तगड़ी है कि ऊपर अधिकारियों को दिखाने के लिये यह सट्टा माफिया अपने गुर्गों के नाम हर महीने एक-एक प्रकरण बनवा देते हैं। ऊपर बैठे अफसरों को लगता है पुलिस कार्रवाई कर रही है। जबकि वास्तव में ये सांठगांठ का एक पहलू होता है। सवाल ये है कि जब पुलिस हर महीने सटोरियों के गुर्गों के खिलाफ कार्रवाई करती है तो फिर उनसे पूछताछ कर बड़े सट्टा माफियाओं तक क्यों नहीं पहुंच पाती।











