वाराणसी – किसानो के भारत बंद समर्थन में जुलूस निकाल रहे राजनैतिक दल के नेता और सामाजिक कार्यकर्ता गिरफ्तार

शाहीन अंसारी
वाराणसी. किसान आंदोलन के समर्थन में भारत बन्द के आह्वान पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर किसानों की मांगों के प्रति अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए अपनी गिरफ्तारी दी। मैदागिन स्थित कम्पनी गार्डेन के सामने सड़क पर एकत्रित होकर जुलूस निकालने का प्रयास के रहे नेताओं को पुलिस ने गिरफतार कर लिया।

प्राप्त समाचारों के अनुसार आज सुबह अपने पूर्व घोषित एलान के मुताबिक मैदागिन स्थित टाउन हॉल के समीप ये सभी नेता जैसे ही जुलूस की शक्ल में किसानों की मांगों के समर्थन में नारे लगाते आगे बढ़े पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान सभी लोग तीनो कृषि कानून वापस लो, किसान एकता जिंदाबाद, पूंजीपतियों और सरकार की तानाशाही नहीं चलेगी, नहीं चलेगी आदी नारे लगा रहे थे। गिरफ्तारी के बाद ये सभी लोग कोतवाली में भी जमकर नारे लगाते रहे। नेताओं ने कहा कि लाठी गोली और जेल के जरिये किसानों की जायज मांगो को दबाया नहीं जा सकता। पूरा देश अन्नदाता के साथ मजबूती से खड़ा है।










