वाराणसी – अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा जर्जर भवन गिराना, जाने क्या है नगर निगम का प्लान

अनुराग पाण्डेय
वाराणसी। वाराणसी में आगामी सोमवार से शहर के जर्जर भवन गिराए जाने का सिलसिला शुरू होने की पूरी संभावना है। इसके लिए वाराणसी नगर निगम पूरी कार्य योजना बना रहा है। इस सम्बन्ध में नगर निगम के मुख्य अभियंता एस0 पी0 सिंह ने बात करते हुवे बताया कि प्रशासन और पुलिस के सहयोग से जोनवार जर्जर भवन गिराए जाएंगे। शनिवार तक अधिकतर सर्वे रिपोर्ट आ जाएगी। इसके बाद जर्जर भवनों को गिराने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

एक अधिकारी ने बताया कि कुछ लोग जर्जर भवन घोषित कराके किराएदारों से मकान खाली कराने की फिराक में लगे हैं। किसी भी भवन को गिराने से पहले उसकी पूरी कुंडली तैयार की जाएगी साथ में विधि विशेषज्ञों से राय लेकर इन भवनों को गिराया जाएगा। पहले चरण में सत्यापन कराया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए। नगर निगम का इंजीनियरिंग विभाग जर्जर भवन गिराने के लिए संसाधन जुटाने में लगा है। ताकि गिराने के दौरान संसाधनों की कमी न रहे।











