मुज़फ्फरनगर किसान महापंचायत : उम्मीद से कही ज्यादा उमड़ी किसानो की भीड़, पुरे मैदान में नही रही पैर रखने की जगह, 22 राज्यों के किसान कर रहे शिरकत

आदिल अहमद
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत रविवार को शुरू होने के पहले ही सुबह 10 बजे ही जीआईसी मैदान पूरी तरह भर गया है। पंजाब, हरियाणा से लेकर दक्षिण भारत के किसान संगठनों के प्रतिनिधि यहां अपनी आवाज बुलंद करने पहुंचे हैं। कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन के बीच इस महापंचायत पर सबकी नजरें हैं। इसे किसानों के मिशन यूपी का आगाज करने का संकेत भी माना जा रहा है। नरेश टिकैत, राकेश टिकैत, मेधा पाटेकर, योगेंद्र यादव समेत कई बड़े नेता वहां मौजूद हैं।

कृषि कानूनों के अलावा किसान नेताओं ने बिजली संशोधन विधेयक और सार्वजनिक संपत्ति के मौद्रीकरण का भी मुद्दा उठा दिया है। किसान नेता लगातार कह रहे हैं कि वो कृषि कानूनों के खिलाफ अनिश्चितकालीन लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। राकेश टिकैत ने किसान आंदोलन को लेकर कहा था कि जब तक कृषि कानूनों की वापसी नहीं, तब तक घर वापसी नहीं होगी। हालांकि संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं के अनुरोध पर वो मुजफ्फरनगर जा रहे हैं, लेकिन अपने घर नहीं जाएंगे।











