भाजपा विधायक और वायदा खिलाफी ? : मंच से विधायक जी ने किया 11 हज़ार देने का वायदा, दिया 1 हजार, नाराज़ आयोजको ने वापस किया विधायक का पैसा और वापस लिया विधायक को दिया हुआ सम्मान

संजय ठाकुर
बलिया। बलिया के भाजपा विधायक धनञ्जय कन्नौजिया और विवादों का आपसी रिश्ता होता जा रहा है। विधायक जी पर इस बार आरोप है कि उन्होंने मंच से 11 हजार रुपये की घोषणा कर मंदिर समिति के पदाधिकारियों को एक हजार रुपये दिया। इससे नाराज मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने न सिर्फ एक हजार रुपये उन्हें वापस कर दिए, बल्कि उनको दिए गए सम्मान को भी वापस ले लिया। विधायक पर वादाखिलाफी का भी आरोप लगाया।

राम कथा कार्यक्रम के आयोजक भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। कार्यक्रम आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि भाजपा विधायक धनंजय कन्नौजिया ने चुनाव जीतने के बाद मंदिर पर आकर विवाह मंडप, सोलर लाइट और हैंडपंप देने की बात कही थी, लेकिन आज तक उन्हें अपनी बात याद नहीं आई। अब मंच से किया गया अपना 11 हज़ार का वायदा भी भूल गए और जब देने की बारी आई तो उन्होंने एक हज़ार रुपया दिया। वह पैसा भी वापस कर दिया गया है और मंच से दिला उनको सम्मान भी वापस ले लिया गया है। इस प्रकरण को लेकर पुरे विधानसभा क्षेत्र में चर्चाओं का बाज़ार गर्म है।











