रात भर खेला जुआ, सुबह हारने वाले पक्ष ने शुरू किया विवाद तो हुई आपस में जमकर फायरिंग, दो की मौत दो अन्य गंभीर रूप से घायल

अनिल कुमार के इनपुट सहित शाहीन बनारसी
पटना। पहले रात भर बैठ कर जुआ खेला फिर सुबह हुई तो एक पक्ष हारा था और दूसरा पक्ष जीत गया था। जीता हुआ पक्ष ऐश कर रहा था, तो वही हारा हुआ पक्ष अपनी हार की उदासी मना रहा था। इसी ख़ुशी और गम के माहौल के बीच एक-दुसरे से विवाद शुरू हो जाता है। इसी विवाद के दरमियान दोनों पक्ष में पहले मार-पीट और फिर उसके बाद विवाद बढ़ने पर आपस में गोली बारी शुरू हो जाती है। इस दो गुटों में हुई गोली बारी में दो की मौके पर ही मौत हो जाती है, जबकि दो अन्य गम्भीर रूप से घायल हो जाते है।

इसमें एक गुट के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरे गुट के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुटी हुई है। वहीं सूचना के आधार पर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर शवों की शिनाख्त कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मौके से 9 जिंदा कारतूस, तीन खोखा, गांजा का पुड़िया और चिलम बरामद किए गए हैं। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।











