सियासी अटकलों के गर्म बाज़ार के बीच नितीश और पीके की मुलाकात को दोनों ने बताया औपचारिक भेट

अनिल कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार और राजनैतिक सलाहकार प्रशांत किशोर की दिल्ली में मुलाकात हुई। इस मुलाकात के सियासी जोड़ घटाव तो होने लगे है मगर दोनों ने ही इस मुलाकात को एक पुराने संबंधो के कारण औपचारिक मुलाकात करार दिया है। बताते चले कि प्रशांत किशोर इस समय तृणमूल कांग्रेस के साथ काम कर रहे है।

वहीं प्रशांत किशोर ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कोविड हो गया था। उसके बाद वे पहली बार दिल्ली आए हैं। लिहाजा उनसे मुलाकात करने गए थे। इसके अलावा और कोई बात सीएम नीतीश कुमार से नहीं हुई है।
प्रशांत के जदयू में शामिल होने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया था। लेकिन कुछ समय बाद ही जदयू के वरिष्ठ नेताओं से प्रशांत किशोर की तल्खी हो गई। रिश्तों में आई तल्खी के बाद प्रशांत किशोर ने जदयू छोड़ दिया था। प्रशांत किशोर अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के लिए काम करने लगे। हाल के दिनों तक वे बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़े रहे।











