भीख मंगवाने की नियत से किया था मासूम बच्चियों का अपहरण, पुलिस ने किया बच्चियों को सकुशल बरामद

तारिक खान
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्ज़े से दो अपहृत मासूम बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया है. गिरफ्तार युवक विवेक विहार इलाके से एक मंदिर के बाहर प्रसाद लेने गई दो बच्चियों को अगवा कर भीख मंगवाने की नीयत से उन्हें लेकर फरार हो रहा था, लेकिन जिस ई-रिक्शा में बैठकर वह मंदिर से चला तो चालक को आरोपी पर शक हो गया। उसने फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को सीमापुरी बॉर्डर से दबोच लिया। आरोपी की पहचान संजय (40) निवासी छपरा (बिहार) के रूप में हुई है।

शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शुक्रवार को दिन में 20 वर्षीय ब्रह्मदत्त ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल की थी। उसने बताया कि एक युवक ने विवेक विहार स्थित बालाजी मंदिर से दो बच्चियों को उसके ई-रिक्शा में बैठाया। ब्रह्मदत्त को युवक पर शक हुआ तो उसने पूछताछ करने की कोशिश की थी।
आरोपी उलटे-सीधे जवाब देकर सीमापुरी के पास चिंतामणि चौक पर बच्चियों के साथ उतर गया। खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तुरंत चिंतामणि चौक के पास मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया। लोकल पुलिस भी वहां पहुंच गई। कुछ ही देर बाद आरोपी को दोनों बच्चियों के साथ वहीं घूमता हुआ दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी संजय ने बताया कि वह दोनों बच्चियों को खाना खिलाने के बहाने अगवा कर लाया था।











