अमेठी: महिला दरोगा का शव फंदे से लटका मिला, दरवाज़ा खुलने पर फंदे से लटके शव को देख सन्न रह गये साथी

आदिल अहमद
महिला दरोगा का फंदे से लटका शव मिला है। शव देख साथी सन्न रह गये। मामला अमेठी का है जहाँ थाना मोहनगंज में तैनात एक महिला दरोगा का शव फांसी के फंदे से लटका मिला है। शव फंदे से लटके मिलने पर विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वही महिला दरोगा को आनन-फानन सीएचसी तिलोई ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताते चले कि महिला दरोगा राजधानी लखनऊ के थाना गोसाईगंज निवासी रश्मि यादव लगभग 2 साल तक थाना मोहनगंज की महिला चौकी प्रभारी के पद पर तैनात रहीं। महिला दरोगा रश्मि यादव दो बजकर बीस मिनट पर थाने से मोबाइल फोन पर बात करते हुए अपने कमरे की ओर निकल पड़ीं।

मिली जानकारी के अनुसार महिला दरोगा का शव जब फांसी के फंदे से उतारा गया तो वह वर्दी में थीं। कमर में पिस्टल लगी हुई थी। स्थानीय पुलिस द्वारा महिला दरोगा रश्मि यादव को सीएचसी तिलोई ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक डॉ0 नंद कुमार ब्रजवासी ने महिला दरोगा को मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि महिला दरोगा का तबादला गुरुवार को जनपद मुख्यालय के लिए हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई।











