पटियाला हिंसा: हिंसा से नाराज़ पंजाब सीएम भगवंत मान ने हटाया पटियाला के आईजी, एसएसपी और एसपी को, शाम 6 बजे तक बंद हुई इंटरनेट सेवा ताकि लग सके अफवाहों पर लगाम

आदिल अहमद
पटियाला हिंसा मामले में पुलिस के बड़े अधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। अब तक इस मामले में आईजी, एसएसपी, और एसपी को हटा दिया गया है। मुखविंदर सिंह चिन्ना को पटियाला रेंज का आईजी बनाया गया है। दीपक पारीक को पटियाला का एसएसपी वहीं वजीर सिंह को पटियाला का एसपी बनाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटियाला में 9:30 से शाम 6:00 बजे तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है। अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए पंजाब सरकार के गृह विभाग ने आदेश जारी किए हैं। ये कार्रवाई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर हुई। पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे बारे में जानकारी मुहैया कराई है।


गौरतलब हो कि शिव सैनिक खालिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए निकले थे। हरीश सिंगला ने कहा कि शिवसेना कभी भी पंजाब में खालिस्तान नहीं बनने देगी और ना ही किसी खालिस्तान का नाम लेने देगी। इस जुलूस में शिवसैनिको द्वारा तलवारे लहराई जा रही थी। इसी दौरान कुछ सिख संगठन भी तलवारें लहराते हुए सड़क पर आ गए और स्थिति तनावपूर्ण बन गई। दोनों तरफ से जमकर पथराव हुवे थे। स्थिति नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को हवाई फायर भी करना पड़ा था। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक स्थिति बेहद तनावपूर्ण मगर नियंत्रण में है। प्रशासन अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नज़र आ रहा है।











