महाराष्ट्र: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने रामनवमी के मौके पर शिवसेना भवन के बाहर लाउडस्पीकर लगाकर किया हनुमान चालीसा का पाठ, भवन के बाहर भारी संख्या में पुलिस तैनात

आफताब फारुकी
मुम्बई। महाराष्ट्र मे लाउडस्पीकर को लेकर हुआ विवाद दिन-ब-दिन बढ़ता दिखाई दे रहा है। बताते चले कि राज ठाकरे ने चेतावनी देते हुए कहा था कि सरकार को मस्जिद के लाउडस्पीकर को हटाने का फैसला लेना चाहिए। जिसके बाद शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा था कि महाराष्ट्र में कानून का राज चलेगा। इसी क्रम में राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने रामनवमी के मौके पर शिवसेना भवन के बाहर लाउडस्पीकर लगाकर हनुमान चालीसा का पाठ किया है। इससे जुड़ी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। जिसके बाद शिवसेना भवन के बाहर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है।

राज ठाकरे द्वारा लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाने के एलान के बाद मुंबई के घाटकोपर इलाके के अलावा नासिक में एमएनएस कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा बजाने की शुरुआत की। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटील ने चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।











