भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा पैगम्बर पर विवादित बयान की मुखालफत करती रांची सुलग उठी, शहर में लगी निषेधाज्ञा

गोपाल जी
डेस्क: पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा से निलंबित नेता नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रांची में विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान हुई हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई है, वहीं करीब दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। हिंसा में आईपीएस अधिकारी सहित पुलिसकर्मियों को भी चोट आई थी, जिसके बाद प्रशासन ने देर शाम शहर के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया। मरने वालों में 22 साल का मोहम्मद कैफी और 24 साल का मोहम्मद साहिल शामिल है। रांची के सिटी एसपी अंशुमान कुमार ने कहा कि दोनों की गोली लगने से मौत हुई है। वहीं हिंसा में आठ दंगाई और चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जिन्हें रिम्स और एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है. प्रभावित जगहों पर धारा 144 लगाई गई है।

हिंसा के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रांची में शुक्रवार शाम सात बजे से शनिवार सुबह छह बजे तक के लिए इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई।











