एसडीएम कोर्ट में सुनवाई के दौरान पेशी पर आए गिरफ्तार दो पक्षों में अचानक हुई मारपीट

उमेश गुप्ता
बिल्थरारोड(बलिया): एसडीएम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई के दौरान पेशी पर आए गिरफ्तार दो पक्षों में अचानक मारपीट होने से एसडीएम कोर्ट में हड़कंप मच गया। इसके बाद अधिवक्ताओं संग पेशकार व अन्य ने बीचबचाव किया। घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह भी पहुंच गए और बवाल करने वाले युवक को दबोच लिया किंतु न्यायालय से प्रतिवादी को पकड़ने पर अधिवक्ताओं ने इसका विरोध किया। इसे लेकर अधिवक्ता और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हुआ । जिससे करीब आधे घंटे तक अफरातफरी मची रही। एसडीएम ने तीनों को जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि उभांव थाना क्षेत्र के ससना बहादुरपुर गांव के दलित बस्ती में दो पटिदारों अमित और अमरनाथ के बीच रास्ते के विवाद में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था और कई बार पंचायत भी हो चुकी है।

अचानक हंगामा देख एसडीएम भी अवाक रह गए। इस बीच पेशकार व अन्य ने बीच बचाव किया। सूचना मिलते ही उभांव थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और बवाल करने वाले विपक्षी अमरनाथ भास्कर उर्फ रिंकू को पकड़ लिया जिसे पुलिस कोर्ट परिसर से थाना ले जाने के लिए निकली। इस बीच अधिवक्ताओं ने पुलिस को घेर लिया और न्यायालय परिसर से गिरफ्तारी को गलत बताते हुए हंगामा करने लगे। अधिवक्ता–पुलिस के बीच हो रही नोकझोंक के बीच बवाल करने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया।











