टेंट के गोदाम में आग लगने से दंपत्ति और एक साल के मासूम की मौत

सरताज खान
गाज़ियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में टेंट के गोदाम में आग लगने से परिवार के तीन लोगो की दम घुटने से मौत हो गई। मौके पर घटनास्थल पर पहुंची दमकल की गाडियों ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के सम्बन्ध में मिली जानकारी के अनुसार सिहानी गेट थाना इलाके के मोहल्ला शिब्बनपुरा कल्पना नगर में मकान नंबर 276 में एक टेंट के गोदाम में आग लग गई। गोदाम सुनील दत्त का है।

शोर सुनकर पहली मंजिल से तीन लोग और दूसरी मंजिल के सभी लोगों ने भागकर जान बचा ली, लेकिन पंकज कुमार पुत्र राजवीर सिंह (30), कविता पत्नी पंकज कुमार (26) और कृतिका पुत्री पंकज कुमार (1) की दम घुटने से मौत हो गई। पंकज मूलरूप से बुलंदशहर के खुर्जा के रहने वाले था। पंकज डिलीवरी बॉय का काम करता था। सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।











