गाज़ियाबाद: महिला का पति को धमकी देने वाला वीडियो वायरल, चाकू से हमला करने का भी आरोप

मो0 कुमैल
डेस्क: गाज़ियाबाद में एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला अपने पति को नींद की गोली देकर हत्या करने की धमकी देती नजर आ रही है। महिला का नाम इशरत बताया जा रहा है। वायरल क्लिप में वह कहती है कि अगर पति की हत्या के बदले उसे जेल जाना पड़े या फांसी भी हो जाए, तो भी उसे मंजूर है। इसी मामले से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें इशरत अपने पति अनीस पर चाकू से हमला करने की कोशिश करती दिखाई दे रही है।
पीड़ित अनीस ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उसकी शादी 2009 में हुई थी, लेकिन शादीशुदा जीवन शुरू से ही विवादों से भरा रहा। अनीस का आरोप है कि पत्नी अक्सर उस पर हमला करती है, उसका गला दबा चुकी है और मारपीट करती रहती है।
अनीस ने दावा किया कि पत्नी के अन्य लोगों से गलत संबंध हैं और जब वह इसका विरोध करता है, तो उस पर ही हिंसक हो जाती है। उसका कहना है कि पत्नी ने कई बार उसके फोन से फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डाले और उसे धमकाया कि वह जो कर रही है, करने दे।
अनीस का कहना है कि जब उसने यह शिकायत ससुराल वालों से की, तो उल्टा वही लोग उसे खत्म करने की धमकी देने लगे। उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी पहले कई बार पुलिस बुलाकर उसका चालान करवा चुकी है, जिसके चलते उसे जेल भी जाना पड़ा। अब वह घर से बेघर हो चुका है और लगातार जान से मारने व फर्जी केस में फंसाने की धमकियां मिल रही हैं।











