प्रेमिका की चाह में टैंक पर चढ़ा युवक, 2 घंटे बाद आपसी सहमति से टंकी से उतरा युवक

फारुख हुसैन
लखीमपुर(खीरी): जिले के पलिया तहसील में पहुंचा एक युवक प्रेमिका को पाने के लिए तहसील परिसर में स्थित ओवर हेड टैंक पर जा चढ़ा। इतना ही नहीं युवक अपने साथ पेट्रोल और माचिस लेकर पहुंचा था। सूचना मिलते ही तहसील, पुलिस व फायर बिग्रेड के अधिकारी कर्मचारी मौके पर जा पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास करने लगे। करीब दो घंटे तक युवक ने प्रशासन को छका लिया। बाद में प्रेमिका की मां के आश्वासन के बाद युवक नीचे उतरा।

सूचना पर पुलिस युवती की मां को तहसील लाई और युवक को समझाने का प्रयास करने लगी। जब परिजनों की ओर से लिखित रूप से शादी करने का आश्वासन युवक को दिखाया गया तब वह ओवरहेड टैंक से नीचे उतरा। नीचे उतरते ही युवक को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया। उधर इस ड्रामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में तहसील में भीड़ जुटी रही। युवक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है जबकि युवती शहर निवासी होनी बताई जा रही है। वही पलिया उप-जिलाधिकारी रेनू सिंह ने बताया कि युवक को सही सलामत नीचे उतार लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं यदि युवती की सहमति होगी तो युवक के साथ भेजने के बारे में सोचा जाएगा।











