दिल्ली: लगातार हो रही बारिश बनी सबब, भरभरा कर गिरी दो मंजिला इमारत, एक मासूम सहित 3 की मौत, 9 घायल

मो0 कुमेल
नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली के लाहौरी गेट थाना इलाके के फ्रासखाना में दो मंजिला इमारत भरभरा कर गिर गई। हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। इलाज के दौरान एक बच्ची सहित तीन लोगों की अस्पताल में मौत हो गई है जबकि अन्य 9 घायलों का दिल्ली के एलएनजेपी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

दिल्ली में लगातार हो रही बारिश की वजह से यह पुरानी और जर्जर इमारत गिर गई। घटना की सूचना दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट को दी गई थी। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची जिसके बाद मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए तुरंत ही नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। हादसे के 12 घंटे बाद भी दमकल की दो गाड़ियां रेस्क्यू टीम के साथ मलबे को हटाने का काम कर रही हैं। मलबे में और भी लोगों के दबे होने की संभावना है।











