राष्ट्रीय बालिका दिवस: केंद्रीय मंत्री ने मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

फारुख हुसैन
लखीमपुर(खीरी): खीरी में जीआईसी ग्राउंड में यूपी दिवस के साथ साथ राष्ट्रीय बालिका दिवस पूरी भव्यता से मना। कार्यक्रम का सफल संयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम ने किया। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी ने विधायक योगेश वर्मा विनोद शंकर अवस्थी डीएम महेंद्र बहादुर सिंह एसपी गणेश कुमार साहा, सीडीओ अनिल कुमार सिंह के साथ जनपद की इंटरमीडिएट में टॉपर बालिका अंजली कुशवाहा को 20 हजार की चेक प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

जिला प्रशासन व महिला कल्याण विभाग लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में धरोहर सांस्कृतिक दल के ख्याति लब्ध कलाकार उमेश तिवारी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर एक सुंदर प्रस्तुति देकर समा बांध दिया। उमेश तिवारी ने साथी कलाकारों के साथ महिला परक योजनाओं की न केवल जानकारी दी बल्कि बालिकाओं को समाज के लिए जरूरी बताया। नाटक मंचन के जरिए रेखांकित किया कि बेटियों के बिना एक सभ्य समाज की परिकल्पना नहीं की जा सकती। उमेश की प्रस्तुति ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।











