बलरामपुर: SP आवास पर तैनात सिपाही ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, महकमे में मचा हड़कंप

तारिक खान
बलरामपुर: बलरामपुर में एसपी आवास पर तैनात एक सिपाही ने सोमवार की देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि सिपाही ने सुबह तकरीबन 3 बजे खुद को गोली मार ली है। इसकी सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया है। सिपाही के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं, रात में तीन बजे जब दूसरा सिपाही ड्यूटी करने के लिए वहां पहुंचा, तो सिपाही अभिषेक यादव को खून से लथपथ देख उसके होश फाख्ता हो गए। उसने आनन-फानन में आला अफसरों को मामले की जानकारी दी। एसपी केशव कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।
वहीं, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि अभिषेक यहां अकेला ही रहता था। परिवार को जानकारी दी गई है। साथी पुलिस कर्मियों से भी जानकारी की जा रही है। सीओ दरवेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरी घटना का कारण पता लगाने में जुटी है।











