दो दिन की छुट्टी के बाद मैनपुरी लौट रही एडीजे पूनम त्यागी की सड़क हादसे में हुई मौत, चालक को आई थी झपकी

तौसीफ अहमद
डेस्क: मैनपुरी में तैनात एडीजे (पाक्सो) पूनम त्यागी की कार आज मंगलवार की सुबह हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर नगला खंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइल स्टोन-65 के समीप मैनपुरी में तैनात एडीजे (पाक्सो) पूनम त्यागी की कार हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में एडीजे पूनम त्यागी और चालक गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली। जानकारी होते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल एडीजे और उनके चालक को सैंफई पीजीआई में भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद एडीजे को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक का उपचार चल रहा है।

क्षतिग्रस्त कार पुलिस चौकी उरावर पर खड़ी करा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि पूनम के पति भी मेरठ न्यायालय में तैनात बताए गए हैं। इस संबंध में एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि हादसे में मैनपुरी में तैनात एडीजे पूनम त्यागी की सड़क हादसे में मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम सैंफई पीजीआई में हो रहा है, जबकि उनके चालक का उपचार चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर है।











