मणिपुर: कर्फ्यू हटते ही इम्फाल में हुई दुबारा हिंसा और आगज़नी, लगा फिर से कर्फ्यू

ईदुल अमीन
डेस्क: मणिपुर की राजधानी इंफाल में सोमवार को हुई आगजनी के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है और इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक सोमवार को इंफाल में भीड़ ने कुछ घरों में आग लगा दी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद सेना को स्थिति संभालने को कहा गया है। हिंसा की इस ताजा घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है।

दोपहर करीब दो बजे भीड़ ने घरों में आग लगा दी। पुलिस ने घटना में शामिल होने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। मणिपुर में इसके पहले 3 मई को हिंसा भड़क गई थी। इसकी शुरुआत तब हुई जब मैतेई समुदाय के लोगों को जनजातीय लोगों का दर्जा देने के ख़िलाफ़ ‘ट्राइबल सॉलिडैरिटी’ मार्च निकाला गया था। मणिपुर की आबादी में 53 फ़ीसदी मैतेई हैं और ज़्यादातर घाटी में रहते हैं। वहीं 40 फ़ीसदी जनजातीय लोगों में नगा और कुकी समुदाय शामिल हैं।











