उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिनों में बदल सकता है मौसम का मिजाज़, मिल सकती है गर्मी से राहत

शफी उस्मानी
डेस्क: उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। सोमवार शाम से इसका असर शुरू होगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 19 जून से 23 जून तक चक्रवाती तूफान से 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। यह जानकारी चंद्रशेखर आजाद विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ0 एस0एन0सुनील पांडेय ने दी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। बताया कि गुजरात के साथ ही राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में तूफानी चक्रवात की एंट्री हो चुकी है। तीन दिन तक उत्तर प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक जल्दी होगी। इससे पहले प्रयागराज, कानपुर, बनारस, आगरा, अलीगढ़, आजमगढ़, गोरखपुर, लखनऊ, झांसी में बारिश की चेतावनी जारी की गई। 40 की रफ्तार से आंधी चलेगी। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। गर्मी फिलहाल बनी रहेगी।











