पढ़ें मणिपुर के वायरल वीडियो मामले में केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से क्या कहा

तारिक़ खान
डेस्क: मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराने के वायरल वीडियो की जांच अब सीबीआई करेगी। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि उसने इसकी जांच का काम सीबीआई को सौंप दिया है। सुप्रीम कोर्ट में केंद्र ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है।

सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई को इस घटना का नोटिस लेते हुए कहा था कि इस वीडियो से वो ‘बेहद परेशान’ है। हिंसा के लिए महिलाओं को औजार की तरह इस्तेमाल, किसी भी स्थिति में मंजूर नहीं है। बताते चले कि मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच पिछले लगभग तीन महीने से जारी हिंसा में 150 लोगों की मौत हो चुकी है कई हजार घायल हुए हैं। हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। राज्य में 3 मई को कुकी समुदाय की ओर से ‘ट्राइबल सॉलिडेरिटी मार्च’ निकाले जाने के बाद हिंसा भड़की थी।











