2024 में उत्तर कोरिया ने तीन और जासूसी सैटेलाइट लॉन्च करने का किया एलान

मिस्बाह अंसारी
डेस्क: उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, इस देश ने अपनी सेना को मज़बूत बनाने के इरादे से अगले साल तीन और जासूसी सैटेलाइट लॉन्च करने का एलान किया है। उत्तर कोरिया ने पिछले महीने अंतरिक्ष में एक जासूसी सैटेलाइट भेजा था। उसने बाद में दावा किया कि उस उपग्रह ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सैन्य स्थलों की तस्वीरें उसे भेजी थीं।

किम जोंग उन ने यह भी कहा है कि 2024 में दक्षिण कोरिया के साथ उनके देश के संबंधों में ‘मौलिक परिवर्तन’ देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया के साथ उनके देश का विलय अब संभव नहीं है। उनके अनुसार, दक्षिण कोरिया उनके देश के साथ दुश्मन जैसा व्यवहार करता है। बताते चले कि ऐसा शायद पहली बार है जब किम जोंग उन ने ऐसी बात कही है। जानकार इसे उत्तर कोरिया की नीति में आधिकारिक बदलाव मान रहे हैं।











