जयपुर के नंदपुरी कालोनी में लगा ‘मुस्लिमो को घर न बेचने और न किराये पर देने का पोस्टर’, पुलिस के दखल के बाद हटा पोस्टर

अनुराग पाण्डेय
डेस्क: राजस्थान में जयपुर की नंदपुरी कॉलोनी में मुस्लिम समुदाय के सदस्यों को मकान किराए पर ना देने तथा ना बेचने को कहने वाले कुछ पोस्टर लगे थे जिन्हें पुलिस की दखल के बाद हटा दिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंदुओं को मुसलमानों के खिलाफ ‘एकजुट’ होने की अपील करने वाले ये पोस्टर लगभग 10 दिन पहले सामने आए थे।

ब्रह्मपुरी के थानाधिकारी ईश्वर चंद्र पारीक ने बताया, ‘ यह घटना लगभग 10 दिन पहले हुई। कुछ निवासियों ने मुसलमानों को घर किराए पर ना देने तथा ना बेचने को कहने वाले पोस्टर चिपकाए थे। हालांकि, उन्हें समझाया गया जिसके बाद इन पोस्टरों को हटा लिया गया। इस बाबत कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।’
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि जब मुसलमानों को दुकान व मकान किराए पर ना देने की बात की गई है। इससे पहले यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, मुंबई में देखा जा चुका है। इस तरह के पोस्टर और आदेश कई जगहों पर बाकायदा जारी किए गए थे। हाल ही में नूह हिंसा के बाद कुछ संगठनो ने मुस्लिमों के साथ व्यापार ना करने की चेतावनी दी थी।











