आयकर विभाग से 1,800 करोड़ रुपये से अधिक के नए नोटिस मिलने पर कांग्रेस ने कहा “लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए ‘टैक्स टेररिज़्म’ कर रही भाजपा”

ईदुल अमीन
डेस्क: पिछले वर्षों की कथित टैक्स रिटर्न विसंगतियों को लेकर कांग्रेस को आयकर विभाग से मिले करीब 1,800 करोड़ रुपये से अधिक के नए नोटिस के बाद पार्टी ने भाजपा पर लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए ‘टैक्स टेररिज़्म’ में शामिल होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘आईटी विभाग को भाजपा से 4,600 करोड़ रुपये से अधिक की मांग करनी चाहिए।’ अजय माकन ने कहा कि पार्टी ने चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भाजपा के चंदे का विश्लेषण किया था और पाया कि वित्त वर्ष 2017-18 में पार्टी ने 4.5 लाख रुपये के बिना नाम के 92 चंदे और 42 करोड़ रुपये के बिना पते के 1297 चंदे लिए थे।
आज मेरे सहयोगी और AICC के कोषाध्यक्ष @ajaymaken ने दो महत्वपूर्ण तथ्यों को हाइलाइट किया है। ये दो ऐसे महत्वपूर्ण तथ्य हैं जो 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए समान अवसर में ख़तरा पैदा कर रहे हैं –
1. @INCIndia पर 2017-18 के 14 लाख रुपए के वायलेशन का आरोप लगाकर 135 करोड़ रुपए का… https://t.co/v8JyndTVX6 pic.twitter.com/gYHfD3hUDe
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) March 29, 2024
पार्टी ने एक बयान में कहा कि भारत में राजनीतिक दलों को धारा 13 के तहत आयकर अधिनियम से छूट प्राप्त है, लेकिन केवल कांग्रेस और अन्य समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों को ‘भाजपा के आयकर विभाग’ द्वारा चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। पार्टी ने कहा कि भाजपा खुद हर साल आयकर कानूनों का गंभीर उल्लंघन कर रही है।
माकन ने कहा, ‘जब हमने पिछले दो वर्षों का विश्लेषण किया, तो पाया कि भाजपा द्वारा बिना किसी नाम के 2।5 करोड़ रुपये के 253 दान लिए गए।’ माकन ने बताया कि भाजपा को बिना पते वाले 126 चंदादाताओं से 1.05 करोड़ रुपये मिले। आयकर विभाग और चुनाव आयोग ने भाजपा की कमियों की ओर आंख मूंद ली है और उन्हें केवल कांग्रेस ही नजर आ रही है। माकन ने कहा, ‘पिछले सात वर्षों में भाजपा को 4617.58 करोड़ रुपये का जुर्माना देना चाहिए। आयकर विभाग को कांग्रेस तो दिख रही है लेकिन भाजपा द्वारा किए गए उल्लंघन क्यों नहीं दिख रहे हैं। इसे चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भाजपा की दलीलों से देखा जा सकता है। क्या इसे समान अवसर कहा जायेगा?’
वे बोले, ‘आयकर अधिकारियों ने हमसे 1823.08 करोड़ रुपये मांगे हैं, लेकिन अगर हम समान मापदंडों का उपयोग करें तो भाजपा द्वारा किया गया कर कानूनों का उल्लंघन 4617.58 करोड़ रुपये है। यह कैसा समान अवसर है और आज हमारे देश में लोकतंत्र कहां है?’











