दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज करवा रहे मरीज़ की वार्ड में घुस कर गोली मार हत्या, एलजी वीके सक्सेना की आलोचना करते हुवे आप सासद संजय सिंह ने कहा ‘ये हत्याकांड मोदी के कानून व्यवस्था की पोल खोल रहा’

आदिल अहमद
डेस्क: दिल्ली के जीटीबी अस्पताल (गुरु तेग बहादुर अस्पताल) में पेट के संक्रमण का इलाज करा रहे एक 32 साल के मरीज़ की वार्ड में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार दोपहर की है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि अभी तक हमलावर की पहचान नहीं हो पाई है।

गोली मारने के बाद तीनों वहां से फ़रार हो गए। अभी तक उनकी पहचान और गिरफ़्तारी नहीं हो पाई है। इस हत्याकांड के बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर हमला करते हुए दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया है। आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली के उप-राज्यपाल वीके सक्सेना की आलोचना करते हुए कहा है कि दिल्ली में क़ानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है, जब से उन्होंने प्रशासन संभाला है हालात लगातार खराब हुए हैं।
पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘बीजेपी ने दिल्ली को बर्बाद करने का संकल्प ले लिया है। देश की राजधानी में कहीं गैंगवार हो रहा है कहीं बलात्कार और नृशंस हत्या, अब तो अस्पताल भी सुरक्षित नहीं। जीटीबी में रियाज़ुद्दीन की हत्या मोदी के क़ानून व्यवस्था की कलई खोलता है। आप से नफ़रत के चक्कर में दिल्ली को बर्बाद न करो मोदी जी।’











