बहन के शव को कंधे पर रख कर पांच किलोमीटर चले दो भाई

फारूख हुसैन
लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी जिले में बाढ़ से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यवस्त है,लोगों के घरों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है और लोग छतोंं को अपना आशियाना बनाकर रहने के लिए मजबूर हैं। साथ ही सभी संपर्क मार्ग बाढ़ की वजह से कट गए हैं लेकिन ऐसे में जो तस्वीर सामने आई है वह दिल को दहला देने वाली है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक ऐसी वीडियो वायरल हो रही है जिसमें दो भाई अपनी मृतक बहन के शव को बारी-बारी से कंधे पर रखकर पैदल ही अपने गांव की ओर जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बाढ़ के कारण रास्ते बंद होने से एक किशोरी का इलाज नहीं हो पाया और उसकी मौत हो गई। यहां तक कि किशोरी के शव को घर ले जाने के लिए वाहन जाने का भी रास्ता नहीं बचा, ऐसे में दो भाई अपनी बहन का शव कंधे पर लादकर गांव पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार मृतक किशोरी टाइफाइड से पीड़ित थी जो थाना मैलानी के एलनगंज महाराज नगर की रहने वाली शिवानी (15) टाइफाइड होने के बाद मौत हो गई थी। शिवानी के बड़े भाई मनोज ने बताया कि भाई सरोज और बहन पलिया में रुक कर पढ़ाई करते हैं बहन शिवानी कक्षा 12 की छात्र थी।












