पीजी ट्रेनी डाक्टर के रेप और मर्डर के बाद चर्चा के केंद्र में आये कोलकाता आरजी कर मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल के प्रिंसिपल ने दिया इस्तीफा

ईदुल अमीन
डेस्क: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के प्रिंसिपल डॉक्टर संदीप घोष ने इस्तीफ़ा दे दिया है। नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में एक पीजी ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में देश भर के डॉक्टरों और उनसे जुड़े संगठनों ने हड़ताल का एलान किया है।

राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि उनके स्थान पर सबसे वरिष्ठ प्रोफेसर डॉक्टर बुलबुल मुखोपाध्याय ने कार्यभार संभाला है। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल मामले में डीसीपी नॉर्थ अभिषेक गुप्ता ने एएनआई से कहा कि सुरक्षा से जुड़े उपाय लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘अस्पताल में प्रवेश करने वाले लोगों के नाम अब से रजिस्टर में लिखे जाएंगे। अज्ञात लोगों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। जो परेशानी खड़ी कर सकते हैं। डॉक्टरों ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। गार्ड्स को आई कार्ड दिए गए हैं, जो उन्हें ड्यूटी के दौरान पहनना होगा। ये कदम केवल सुरक्षा बढ़ाने के लिए उठाए गए हैं।’











