वियतनाम में तबाही का तूफ़ान: चंद सेकेण्ड में गिरे पुल में समां गई यात्री बस का वीडियो देख कर हो जायेगे दहशतजदा, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

फारुख हुसैन
डेस्क: वियतनाम में आए भयानक तूफान यागी के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। तूफान यागी के कारण नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान को पार कर गया है। उत्तरी वियतनाम में कई नदियां उफान पर हैं, जिससे बाढ़ की स्थिति और भी खराब हो गई है। सेना, दमकल विभाग, और अन्य आपातकालीन टीमें बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।

वियतनाम से एक डरावना वीडियो सामने आया है, जहां टाइफून यागी की वजह से आई भयंकर बाढ़ में विशाल फोंग चाऊ पुल का एक हिस्सा अचानक ढहता दिख रहा है, जिसके चलते एक ट्रक सीधा नदी में समा जाता है। जानकारी के मुताबिक घटना 9 सितंबर की है। #Vietnam #TyphoonYagi #ViralVideo #CCTV #Chaubridge pic.twitter.com/R5OQrQSNOu
— AajTak (@aajtak) September 10, 2024
यह वीडियो एक कार के डैशकैम से रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे पलक झपकते ही पुल ढह गया और उसके ऊपर से गुजर रही कारें और स्कूटर बाढ़ के तेज बहाव में बह गए। वियतनाम के प्रधानमंत्री हो डुक फोक ने सोमवार शाम एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि Phong Chau पुल के ढहने की घटना सुबह लगभग 10 बजे हुई। इस हादसे में 10 कारें और 2 स्कूटर पुल से गिरकर बाढ़ के तेज बहाव में बह गए। इस दुर्घटना ने वियतनाम के लोगों में डर और चिंता को और भी बढ़ा दिया है। बचाव दल अभी भी लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश और तूफान के कारण यह कार्य और भी मुश्किल हो गया है।
वियतनाम के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस तूफान के कारण हवा की रफ्तार 203 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अधिकारियों के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में यह देश में आने वाला सबसे शक्तिशाली तूफान है। तूफान के कारण पूरे देश में भारी बारिश हो रही है और बिजली की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है। करीब 30 लाख से ज्यादा लोग बिना बिजली के अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। इस तबाही ने देश की जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है, और हालात बेहद गंभीर हैं।











