क्या हिल जाएगी नेतन्याहू की कुर्सी, अपने पीएम नेतन्याहू के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन ने उग्र रूप किया धारण, नेतन्याहू पर हमास से समझौता कर बंधको को रिहा करवाने की मांग कर रही इसराइल के सडको पर जमा भीड़

ईदुल अमीन
डेस्क: इसराइल में बिन्यामिन नेतन्याहू सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। हज़ारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। ये प्रदर्शन ग़ज़ा में बंधक बनाए गए छह लोगों के शव मिलने के बाद शुरू हुए। लोगों की मांग है कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की सरकार को बंधकों की रिहाई के लिए हमास के साथ समझौता करना चाहिए।

रविवार को विरोध प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई। लेकिन बाद में भीड़ ने पुलिस बैरियर तोड़ दिए और तेल अवीव में प्रमुख हाईवे ब्लॉक कर दिए। प्रदर्शनकारियों ने टायरों में भी आग लगाई। इसराइल की ट्रेड यूनियन ने सोमवार को देशव्यापी हड़ताल का एलान किया है। इनकी मांग है कि सरकार बंधकों की रिहाई के लिए हमास के साथ जल्द से जल्द किसी समझौते तक पहुंचे।
इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने इससे पहले कहा था कि उसे शनिवार को दक्षिणी ग़ज़ा के रफाह में एक सुरंग में छह शव मिले थे। आईडीएफ शनिवार को जब तक इन बंधकों तक पहुंच पाती, उससे कुछ देर पहले ही इन्हें मार दिया गया था।










