झारखण्ड के धनबाद में एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल पर छात्राओं की शर्ट उतरवाने के आरोप पर जिला प्रशासन ने दिया जाँच के आदेश

तारिक खान
डेस्क: झारखंड के धनबाद में एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल के आदेश के बाद कथित तौर पर कई छात्राओं की शर्ट उतरवाने का मामला सामने आया है। इस मामले पर ज़िला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। धनबाद की उपायुक्त (डीसी) माधवी मिश्रा ने बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को बताया कि क़रीब 80 छात्राओं की शर्ट उतरवाने की शिकायत मिली है।

धनबाद की डीसी ने कहा, ‘हम लोगों ने ज़िला स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है। कल कमेटी जांच के लिए स्कूल गई थी और सीसीटीवी रूम को सील किया है। कमेटी जांच में जुटी है। जैसे ही जांच पूरी होगी और जो भी रिपोर्ट आएगी, उसके हिसाब से हम आगे की कार्रवाई करेंगे।’ माधवी मिश्रा के अनुसार, प्रिंसिपल ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है। प्रिंसिपल का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई भी आदेश नहीं दिया है।











