अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच गोलीबारी काण्ड में पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने किया अदालत में सरेंडर, पुलिस ने सोनू सिंह और रोशन को किया गिरफ्तार

ईदुल अमीन
डेस्क: बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह और सोनू मोनू गैंग के बीच हुई गोलीबारी काण्ड में पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। वही पुलिस ने सोनू और रोशन को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल बीती 22 जनवरी को पटना के मोकामा प्रखंड के पचमहला थाना के नौरंगा गांव में अनंत सिंह के लोगों और सोनू-मोनू गुट में गोलीबारी हुई थी।

शुक्रवार सुबह भी मुकेश सिंह के घर पर गोलीबारी हुई है। हालांकि ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने इस मामले को मीडिया से बातचीत में संदिग्ध बताया था। पटना के एसएसपी ने कहा, ‘मामले में सोनू और रोशन की गिरफ्तारी हुई है। अभी भी छापेमारी चल रही है।’ अनंत सिंह की तरफ से क्या गिरफ्तारी हुई है? इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘इसमें भी छापेमारी हुई है, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। हम जल्द ही करेंगे।’ उन्होंने बताया कि एसडीपीओ गांव में हैं। जाँच कर रहे हैं और इसके बाद ही कुछ बयान दे पाएंगे।
पूर्व विधायक अनंत सिंह के लोगों और सोनू-मोनू गैंग के बीच गोलीबारी का मामला सामना आया है। समाचार एजेंसी एएनआई से इस मामले पर एसपी सिहाग ने कहा था, ‘मोकामा स्थित नौरांगा गांव में दो गुटों के बीच शाम को गोलीबारी होने की सूचना मिली थी। यह मामला पास के एक गांव में घर का ताला खुलवाने से जुड़ा है। यह इलाक़ा पचमाला पुलिस थाना के अंतर्गत आता है। सूचना मिलने के बाद मौके पर तुरंत एक पुलिस टीम भेजी गई थी। तब तक दोनों गुट वहां से भाग गए थे।’











