भारतीय मछुआरो को पकड़ने के दौरान श्रीलंका नौसेना द्वारा की गई फायरिंग पर भारत ने जताया कडा विरोध

रेहान सिद्दीकी
डेस्क: भारतीय मछुआरों को पकड़ने के दौरान श्रीलंकाई नौसेना की तरफ से की गई फ़ायरिंग पर भारत ने कड़ा विरोध जताया है। मंगलवार सुबह 13 भारतीय मछुआरों को श्रीलंका की नौ सेना ने पकड़ा है। भारतीय विदेश मंत्रालय की एक प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़ गोलीबारी के दौरान इन 13 में से दो मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका जाफना टीचिंग हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

इसके अलावा भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने श्रीलंका के विदेश मंत्रालय के सामने भी यह मुद्दा उठाया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत सरकार हमेशा मछुआरों से जुड़े मुद्दों से मानवीय आधार पर निपटाने पर ज़ोर देती है, क्योंकि मछली पकड़ना उनकी रोज़ी-रोटी से जुड़ा हुआ है।









