नेतन्याहू ने कहा ‘अगर शनिवार तक हमास ने बंधक नहीं रिहा किया तो होगा दुबारा युद्ध’

आदिल अहमद
डेस्क: इसराइली बंधकों की रिहाई रोकने के हमास के एलान पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की चेतावनी के बाद इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी प्रतिक्रिया दी है। नेतन्याहू ने कहा, ‘अगर हमास शनिवार दोपहर तक हमारे बंधकों को रिहा नहीं करता है तो हम ग़ज़ा में युद्ध विराम ख़त्म कर देंगे और लड़ाई शुरू कर देंगे।’

दरअसल, हमास ने सोमवार को कहा था कि वो बंधकों की रिहाई रोक रहा है, क्योंकि इसराइल युद्धविराम समझौते का उल्लंघन कर रहा है। इस दावे को इसराइल ने ख़ारिज कर दिया था। इसके बाद, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि हमास अगर बंधक बनाए गए सभी नागरिकों को नहीं छोड़ता है, तो इसराइल को उसके साथ युद्धविराम समझौते को रद्द कर देना चाहिए। हमास और इसराइल के बीच हुआ युद्धविराम समझौता 19 जनवरी को लागू हुआ था। इसके बाद से हमास ने 16 इसराइली और पांच थाई बंधकों को रिहा कर दिया है। इसके बदले इसराइल ने 566 फ़लस्तीनी क़ैदियों को रिहा किया है।











