औरंगजेब की तारीफ करने पर भाजपा ने सपा से किया अबू आज़मी के निलंबन की मांग, बोले अखिलेश ‘निलंबन सच की ज़ुबान पर लगाम लगा सकता है तो फिर ये उनकी नकारात्मक सोच है. आज़ाद ख़्याल कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा’

तारिक खान
डेस्क: मुग़ल शासक औरंगज़ेब पर दिए बयान के बाद महाराष्ट्र विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आज़मी को निलंबित कर दिया गया है। इस मुद्दे पर पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, ‘निलंबन का आधार यदि विचारधारा से प्रभावित होने लगेगा तो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और परतंत्रता में क्या अंतर रह जाएगा। कुछ लोग अगर सोचते हैं कि ‘निलंबन’ से सच की ज़ुबान पर कोई लगाम लगा सकता है तो फिर ये उनकी नकारात्मक सोच का बचपना है। आज़ाद ख़्याल कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!।’

अबू आज़मी ने कहा है कि वो इसके लिए क़ानूनी सहारा भी लेंगे। इससे पहले मुग़ल बादशाह औरंगज़ेब को लेकर महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आज़मी की टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया था। सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए अबू आज़मी ने मुग़ल बादशाह औरंगज़ेब को अत्याचारी या असहिष्णु मानने से इनकार किया था और कहा था कि इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। अबू आज़मी के इस बयान के बाद उनकी शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से भी की गई। हालांकि इससे पहले ही अबू आज़मी ने मंगलवार को अपना बयान वापस ले लिया था।










