बलरामपुर में बेरहमी की पार हुई हदे, जुमे की नमाज़ पढ़ कर लौट रहे एक 7 साल के मासूम बच्चे का हाथ पाँव बाँध, मुह पर टेप चिपका कर बेरहमी से पिटाई, पीड़ित मासूम की हालत नाज़ुक

ईदुल अमीन
डेस्क: बलरामपुर में बेरहमी की एक घटना प्रकाश में आई है जिसको जानकार इंसानियत भी शर्मसार हो गई है। जनपद के गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के लखाही गांव में एक 7 वर्षीय बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। शर्फुद्दीन नाम का यह मासूम बच्चा जब शुक्रवार दोपहर मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहा था, तब कुछ युवकों ने उसे कब्रिस्तान के पास बने शौचालय में बंद कर दिया।

पीड़ित के बड़े भाई सलाहुद्दीन ने बताया कि बच्चे के गले पर उंगलियों के निशान मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके छोटे भाई की जान लेने की कोशिश की। घटनास्थल से मिली तस्वीर में दीवार के पास खून का धब्बा और एक ईंट भी दिखाई दी। खून से लथपथ हालत में किसी तरह वहां से बच निकलने के बाद बच्चा मुख्य सड़क पर पहुंचा और बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद पीड़ित बच्चे को उसके ममेरे भाई साबिर ने देखा और तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार को होश आने के बाद भी सरफुद्दीन बोल नहीं पा रहा है, क्योंकि उसके गले पर गंभीर चोट के निशान हैं। गले और उंगलियों के निशान देखकर आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने उसका गला घोंटने की भी कोशिश की थी।
गौरा चौराहा के थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चे को गंभीर हालत में जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित बच्चे के बड़े भाई सलाहुद्दीन ने बताया कि बीते शुक्रवार को सरफुद्दीन जुमा की नमाज पढ़ने के लिए घर से मस्जिद निकला था।
बताया जा रहा है कि मस्जिद के बाहर से ही तीन युवक उसे अपने साथ बुलाकर ले गए। जब सरफुद्दीन घर नहीं लौटा, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच, उसके ममेरे भाई साबिर ने उसे कब्रिस्तान के शौचालय के पास मुख्य सड़क पर खून से लथपथ हालत में देखा। बच्चा सड़क पर पहुंचते ही गिरकर बेहोश हो गया। उसके दोनों हाथ मोबाइल चार्जर के केबल से बंधे थे और मुंह पर टेप लगा हुआ था।











