हरदोई: घर के बाहर खेल रही 6 साल की मासूम का दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोपी सचिन पुलिस मुठभेड़ में हुआ घायल

आदिल अहमद
डेस्क: हरदोई में 6 साल की मासूम बच्ची से रेप करके उसकी हत्या करने का आरोपी सचिन घटना स्थल से शव बरामद करवाने के दरमियान पुलिस का असलहा छीन कर फरार होने की कोशिश करने लगा। जिसमे पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से घायल हो गया और पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मासूम बच्ची के शव को पुलिस ने कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।

गांव की चौकीदार शकुंतला देवी ने बताया- थाने में सचिन पुलिस को काफी देर तक गुमराह करता रहा। जैसे ही पुलिस ने उसकी कनपटी पर गन रखी तो उसने जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि बच्ची का रेप करके उसने शव को नाले में फेंक दिया है। पुलिस ने शाम 5:30 बजे आरोपी की निशानदेही पर नाले से बच्ची का अर्धनग्न शव बरामद किया।
आरोपी की निशानदेही पर शुक्रवार शाम पुलिस ने शव को नाले से बरामद किया, जिसे पुआल के नीचे दबाकर छिपाने की कोशिश की गई थी। वहीं शाम में क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए जब पुलिस आरोपी को घटना स्थल ले जा रही थी तो उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर हमला कर दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपी सचिन, बिहार के पटना का रहने वाला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











