राहुल गांधी का ‘डबल इंजन’ सरकार पर चौतरफा वार: अंकिता भंडारी केस में पूछा— “VIP को किसका संरक्षण?”; इंदौर जल त्रासदी और उन्नाव कांड का भी किया जिक्र

शफी उस्मानी
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया के जरिए राहुल गांधी ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों के मुद्दों को उठाते हुए बीजेपी को “भ्रष्ट जनता पार्टी” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की ‘डबल इंजन’ सरकारों ने जनता की जिंदगी तबाह कर दी है।

“अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया, लेकिन सवाल आज भी वही है कि सत्ता का संरक्षण बीजेपी के किस ‘वीआईपी’ को बचा रहा है? कानून सबके लिए बराबर कब होगा?”
मुख्यमंत्री धामी की सफाई: राहुल गांधी के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अंकिता को न्याय दिलाना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIT की जांच पर निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक ने संतोष व्यक्त किया है, जो जांच की पारदर्शिता को साबित करता है।
उन्नाव से इंदौर तक… आरोपों की लंबी फेहरिस्त: राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में बीजेपी शासित राज्यों की कई दुखद घटनाओं का उल्लेख किया:
- उत्तर प्रदेश: उन्नाव कांड का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा देश देख चुका है कि कैसे अपराधियों को बचाया गया और पीड़िता को भारी कीमत चुकानी पड़ी।
- मध्य प्रदेश: इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों पर दुख जताते हुए उन्होंने इसे प्रशासन की बड़ी विफलता बताया।
- दिल्ली-गुजरात-हरियाणा: इन राज्यों में “काले पानी” और दूषित सप्लाई की शिकायतों पर चिंता जताई।
पर्यावरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर घेरा: अरावली पहाड़ियों के मुद्दे पर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “पहाड़ काटे जा रहे हैं और जंगल उजाड़े जा रहे हैं, जिसके बदले जनता को सिर्फ धूल, प्रदूषण और आपदा मिल रही है।” उन्होंने आगे कहा कि पुल गिरना, सड़कें धंसना और ट्रेन हादसे अब आम हो गए हैं, जबकि सरकार सिर्फ ‘फोटो-ऑप’ और ‘मुआवजे की औपचारिकता’ में व्यस्त है।









