बिल्थरा रोड (बलिया): समसुद्दीनपुर में देर रात भीषण चोरी: गर्मी का फायदा उठाकर छत के रास्ते घुसे चोर, नकदी समेत दो लाख के जेवरात पर साफ किया हाथ
बिल्थरा रोड (बलिया) के उभांव थाना क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां सोमवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब ₹2 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और ₹25,000 नगद उड़ा लिए। पीड़ित धनंजय कुमार के मुताबिक, भीषण गर्मी के कारण सभी लोग घर के बाहर सो रहे थे, तभी चोर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए।

उमेश गुप्ता
बिल्थरा रोड (बलिया): उभांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत समसुद्दीनपुर गांव में सोमवार की देर रात बेखौफ चोरों ने एक मकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने घर के अंदर अलमारी और बक्सों को खंगालकर नकदी समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। भीषण गर्मी के कारण पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही पूरे गांव में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
गर्मी के कारण बाहर सो रहा था परिवार, छत के सहारे घुसे चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समसुद्दीनपुर निवासी पीड़ित धनंजय कुमार पुत्र साहब दयाल का परिवार सोमवार की रात भीषण गर्मी और उमस के कारण घर के बाहर आंगन और अहाते में सो रहा था। इसी बीच देर रात अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। चोर सीढ़ी के सहारे घर की छत पर चढ़ गए और वहां से नीचे उतरकर कमरों में दाखिल हो गए। चोरों ने बेहद आराम से घर के कमरों और रसोई की तलाशी ली।
बेटी के पानी मांगने पर खुला चोरी का राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब रात के करीब 2:30 बजे धनंजय कुमार की बेटी की नींद खुली और उसने पानी मांगा। धनंजय जब पानी लेने के लिए घर के अंदर गए, तो उन्होंने देखा कि घर की बिजली बंद थी और रसोई का दरवाजा पूरी तरह खुला हुआ था। अनहोनी की आशंका होने पर जब वह दूसरे कमरे में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और उनकी मां का मुख्य बक्सा गायब था।
लाखों के जेवरात और नकदी गायब
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरों ने उनकी मां के गायब बक्से को खंगाला, जिसमें रखे सोने के कर्णफूल, एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी की भारी पायल और ₹25,000 की नकदी गायब थी। इतना ही नहीं, चोरों ने धनंजय की बहन के बैग को भी साफ कर दिया, जिसमें से एक सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल रखी हुई थी। परिवार के आकलन के अनुसार, चोरी गए कुल सामान और नकदी की कीमत लगभग ₹2,00000 (दो लाख रुपये) है। चोरों ने घर में रखे कुछ अन्य बक्सों को भी खंगाला था, लेकिन उनमें कोई कीमती सामान न मिलने पर उन्हें वहीं छोड़ दिया।
मौके पर पहुंची डायल-112, जांच में जुटी उभांव पुलिस
घर में चोरी की भनक लगते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आस-पास के ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पीड़ित धनंजय कुमार की ओर से उभांव थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दे दी गई है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों सुराग लगाने के लिए संदिग्धों से पूछताछ व जांच शुरू कर दी गई है।











