सत्य निकेतन हादसे में MCD का कड़ा एक्शन; डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अधिकारी निलंबित, मौतों का आंकड़ा बढ़कर हुआ 6′
सत्य निकेतन में 5 मंजिला PG इमारत गिरने के मामले में MCD ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साउथ ज़ोन के डिप्टी कमिश्नर समेत 5 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। हादसे में मौतों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। पढ़िए PNN24 की विशेष फॉलो-अप रिपोर्ट।

महविश कुरैशी
नई दिल्ली (PNN24 News): दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में रविवार दोपहर ढही 5 मंजिला बॉयज पीजी इमारत ‘हॉस्टल डेज’ हादसे में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घोर लापरवाही और अवैध निर्माण पर नजर न रखने के आरोप में दिल्ली नगर निगम (MCD) ने साउथ ज़ोन के 5 वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।

🏥 एम्स ट्रॉमा सेंटर से अपडेट: मौतों का आंकड़ा 6 पहुंचा
एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार:
- हादसे के बाद मलबे से निकालकर कुल 10 लोगों को अस्पताल लाया गया था।
- इनमें से 5 लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
- इलाज के दौरान एक और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 6 हो गई है।
- बाकी घायलों में से कुछ का गंभीर हालत में इलाज जारी है, जबकि एक छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
🚫 निलंबित किए गए MCD अधिकारियों की सूची
लापरवाही की गाज गिरते ही MCD कमिश्नर के आदेश पर साउथ ज़ोन के निम्नलिखित अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है:
- राकेश कुमार — डिप्टी कमिश्नर, साउथ ज़ोन
- रणवीर सिंह — सुपरिटेंडेंट इंजीनियर, साउथ ज़ोन
- ललित कुमार गोयल — एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, साउथ ज़ोन
- सुनील चौहान — एई (बिल्डिंग), साउथ ज़ोन
- आशीष कुमार — जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग), साउथ ज़ोन
🕵️ पूरी रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रविवार दोपहर हुई इस घटना के बाद NDRF, दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। तंग गलियों के कारण कटर और मैनुअल उपकरणों की मदद से मलबा हटाया गया। प्राथमिक जांच में बेसमेंट में अवैध खुदाई और पुरानी कमजोर नींव को ही इस भीषण हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।











