उस वक्त कहा थे हम…….?, कहा तुम चले गए………? अलविदा आसिफ…..! इन्ना लिल्लाहि व इन्ना इलैहि राजिऊन

"रात 11 बजे हुई थी गर्मजोशी से बात, भोर में सामने थी मय्यत"— महज़ 25-26 साल की उम्र में आसिफ के अचानक जाने से टूटा दिल, दो मासूम बच्चों और पूरे मोहल्ले को रुला गया हंसमुख आसिफ'

तारिक़ आज़मी

वो तो एक बहती हवा सा था। हर दर्द को हस कर टाल देता था। वो कल की ही तो बात लगती है जब छोटा सा अल्हड सा खेलता था। अक्सर गोद में उठा कर उसको कस कर पकड़ लेता था तो बोलता था, तता….! थोलो…..! थेले दो……..! तता उसकी जुबान से कब चाचु बन गया। वक्त की रफ़्तार में पता ही नहीं चला। वक्त गुज़रता गया। सामने का बच्चा कब जवान हो गया पता ही नहीं चल सका।

वो भी दिन आया जब खेलता हुआ बच्चा तता कहने वाला अपने हाथो में शादी का कार्ड लेकर आता है तो कहता है “चाचू…….! सब आप ही को देखना है, हम तो दूल्हा बने रहेगे।” शादी भी हो जाती है। छोटा सा परिवार दो नन्हे मुन्ने बच्चे। प्यारे से। मासूम से उसके साथ खेलता देख कर अक्सर मैं खुद कहता था। “बेटा आसिफ…..! कल तक हम लोग तुम्हे खिलाते थे, अब तुम्हारे बच्चे हो गए….।” वह हँसता और बच्चो को बताता “बेटा दादू है….! सलाम करो।”

भरोसा इतना कि उसके साथ कही भी जाता गाडी वह ड्राइव अगर कर रहा है तो बेफिक्र होकर उसके बगल की सीट पर सो जाता था। रास्ते में पूरी ज़िम्मेदारी से चलता। चाय तक पीने के लिए गाडी से उतरने नहीं देता। “चाचू आप बैठो…..! हम लेकर आ रहे है।” घर से निकलता मैं तो सामने अक्सर वही पड़ता और उसकी ज़ोरदार आवाज़ होती “सलाम अलौकुम चाचू……!” एक गर्म जोशी रहती उसकी आवाज़ में।

कोई भी काम करना हो तो मुझसे सलाह ज़रूर लेता। “चाचू…..! ये काम करना चाहते है, कर ले?” फैसला नही सीधे पहले सलाह लेता था। देर रात जब भी मैं घर पहुचता तो अक्सर ही मेरी बाइक की आवाज़ सुनकर खिड़की से झाकता और कहता “चाचू जल्दी आ जाया करिए, बताइए रात का 2 बज गया।” बड़ा अपनापन होता उसकी आवाज़ में। अक्सर ही यही होता था। उसकी आवाज़ मेरे कानो में पड़ती, मेरे होठो पर मुस्कराहट होती और जवाब होता “क्या करू बेटा काम है न”….! अक्सर कहता “चाचू परिवार के साथ फलनवा जगह घुमने चलिए। काम में इतना व्यस्त रहते है, थोडा घूम फिर लिया करे।” हर बार मेरा जवाब यही होता ‘नेक्स्ट मंथ प्लान करता हु।”

कल की भी एक स्याह रात थी। रात करीब 11 बजे मैंने उसको फोन किया। वैसे ही गर्मजोशी से उसने फोन उठाया। उसी अंदाज़ में सलाम किया। मैंने अपने अंदाज़ में वैसे ही कहा “क्या बेटा खूब जमकर सिर्फ लगन देख रहे हो। प्लान देख लेना, एक हफ्ता मेरे साथ रहना है।” वैसे ही अल्हड अंदाज़ में वह भी बोला “अरे चाचू आपके लिए सब काम छोड़ कर आपके साथ रहेगे।” कल थोडा जल्दी ही घर चला गया था मैं। तो थोडा जल्दी ही सो गया। फजिर की अज़ान होती है। अज़ान की आवाज़ से आँख खुलती है। मगर उसके बाद होने वाले एलान ने नींद ही उड़ा दिया। एलान हुआ, “नेउर पहलवान के पोता, असलम के लड़के आसिफ का इन्तेकाल हुआ।”

दिल धक से करके रह गया। अपने कानो पर भरोसा ही नहीं हुआ। लगा शायद मैं नींद में हु और गलत नाम सुना है। रूह तक काँप गई। हाथ पैर ऐसा लगा सुन्न जैसा हो गया है। मैंने धीरे से खिड़की खोली। सामने उसके दरवाज़े पर भीड़ थी। मैं हड़बड़ी में उसके घर के दरवाज़े पर पंहुचा। खुद की आँखों पर भरोसा नहीं हो रहा था। सामने उसी के बेड पर एक मय्यत थी। वो नन्हा सा हमारे सामने जवान हुआ आसिफ मय्यत के शक्ल में लेटा हुआ था। कानो में मेरे सिसकिया थी जो शायद उसकी पत्नी और माँ की रही होगी। एक आवाज़ मेरे तन्द्रा को तोडती है “तारिक…..! आसिफ चला गया……!” उसके बाद चीख से साथ रोने की आवाज़ थी।

ये आसिफ की माँ थी। मेरे पास लफ्ज़ नही थे, कैसे उनको समझाऊ और क्या समझाऊ। क्या हुआ कैसे हुआ कुछ नहीं पता। जिससे रात के 11 बजे मैंने टेलीफोन पर बात किया। वह भोर से 5 बजे मेरे सामने मय्यत के शक्ल में लेटा हुआ है। बताया उसके भाई और पिता ने कि रात को सीने में दर्द उठी और महज़ 5 मिनट में हाथ खाली था। आसिफ हम सबको छोड़ कर जा चूका था। उसकी नन्ही सी एक बेटी माँ के बगल में गुमसुम बैठी थी तो दूसरी नन्ही सी बेटी अपने माँ के गोद में सो रही थी।

वो जिसको गोद में खिलाया, महज़ 25-26 साल की ही तो उम्र थी उसकी। छोटे छोटे 2 बच्चे है। वो आज जा चूका है। यकीन कानो पर नही होता। यकीन आँखों पर नहीं होता। बहुत देर तक उसके पास खड़ा था। लग रहा था अभी उठ कर कहेगा “चाचू सलाम अलैकुम…..!” मगर आज वह नही उठा। हर फैसला करने से पहले मुझसे पूछता था। इस बार इतना बड़ा फैसला किया और सलाह तो दूर एक बार बताया भी नहीं। बताता तो बेशक उसको रोक लेता। दिल की धड़कने चलती रहे इसके लिए कोई कवायद करता। किसी डाक्टर से मिलता। किसी हकीम को दिखाता। कुछ तो करता। मगर उसको जाने नहीं देता।

रोक लेता। मना करता। मगर इस बार उसने इस फैसले से पहले बताया ही नही। दिल के धडकनों को कभी शायद उसने समझा ही नही। कुदरत भी कितनी क्रूर है, हार्ट अटैक, वह भी इतनी कम उम्र में, और इस तरीके से कि महज़ चंद मिनट में ही इस दुनिया से आसिफ को अलविदा करवा दिया। आँखों के आगे सब कुछ घूम रहा है। वह ड्राइविंग सीट पर उसका बैठना। वह चाचू….!, चाचू….!, की सदा, वह उसका चहकना। अचानक खामोश हो गया सब कुछ। हमेशा पुरे मोहल्ले को हसाता था। इस बार पुरे मोहल्ले को रुला गया। इन्नल इल्लाहे व इन्नल एलही रजियुंन….!, अलविदा आसिफ…..! अल्लाह तुम्हारे आल औलाद, माँ-बाप, भाई-बहनों और हम सबको सब्र अता करे…..! तुम याद बहुत आओगे आसिफ……!

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *