बिहार के दरभंगा जिले में सरस्वती पूजा के मूर्ति विसर्जन के दौरान भडकी हिंसा के मद्देनज़र इंटरनेट सेवा पर लगी रोक

अनिल कुमार
पटना: बिहार के दरभंगा ज़िले में सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान भड़की हिंसा के मद्देनज़र प्रशासन ने समूचे ज़िले में इंटरनेट पर रोक लगा दी है। इंटरनेट पर यह रोक 17 फ़रवरी के दोपहर 2 बजे से प्रभावी है, और 19 फ़रवरी के 2 बजे तक प्रभावी रहेगी।

दरभंगा जिला अंतर्गत जिला पदाधिकारी/ वरीय पुलिस अधीक्षक/ सदर एसडीपीओ,दरभंगा द्वारा सरस्वती पूजा के अवसर पर शांति एवं सौहार्द व्यवस्था बनाए रखने हेतु फ्लैग मार्च किया गया।
#biharpolice#HainTayaarHum#Bihar pic.twitter.com/aAddUH9XC0— Darbhanga Police (@DarbhangaPolice) February 14, 2024
ज़िले में भड़की हिंसा के बारे में प्राप्त जानकारी के हिसाब से ज़िले के मुरिया गाँव में गुरुवार को सरस्वती मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसा भड़क उठी। प्रशासन ने तब मीडिया से जानकारी साझा की थी कि विसर्जन के दौरान पथराव की वजह से वहाँ अफ़रातफ़री की स्थिति पैदा हो गई थी।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने उपद्रवियों पर क़ाबू करने की कोशिशें कीं, लेकिन उनकी अधिक संख्या में होने की वजह से पुलिस को तब पीछे हटना पड़ा। इस दौरान अवर निरीक्षक ध्रुव चौधरी समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए। प्रशासन ने बाद में स्थिति पर नियंत्रण किया, ऐसे में संबंधित इलाक़े में भारी पुलिस बल की भी तैनाती दर्ज़ की जा रही है।











