कांग्रेस 1800 करोड़ से अधिक की आयकर नोटिस के बाद अब भाकपा और टीएमसी को आयकर की नोटिस, भाकपा से 11 करोड़ टैक्स बकाया की नोटिस

शफी उस्मानी
डेस्क: देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को आयकर विभाग से 1800 करोड़ रुपये के टैक्स नोटिस मिलने के बाद अब भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) आयकर विभाग के रडार पर आ गई है। विभाग ने पार्टी को नोटिस भेजकर 11 करोड़ रुपये का बकाया चुकाने को कहा है।

इस बीच तृणमूल कांग्रेस के सांसद साकेत गोखले ने दावा किया है कि उन्हें पिछले 72 घंटों में 11 आयकर नोटिस मिले हैं, जिनमें से कुछ सात साल पुराने हैं। उन्होंने ट्विटर (अब एक्स) पर इसे लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा है, ‘हास्यास्पद है कि कैसे मोदी सरकार यह दिखावा भी नहीं कर रही है कि वे चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होने देंगे।
उन्होंने लिखा है कि लोकसभा 2024 से ठीक पहले विपक्ष पर दबाव बनाने की हर कोशिश की जा रही है। जब ईडी काम नहीं करता है, तो आईटी विभाग का इस्तेमाल। भाजपा इतनी हताश क्यों है? क्या मोदी इतने घबरा गए हैं?’











