ईरान के कोयला खादान में हुवे विस्फोट से 51 की मौत, 24 लापता

निलोफेर बानो
डेस्क: पूर्वी ईरान के तबास में एक कोयला खदान में हुए विस्फोट से कम से कम 51 लोगों की मौत हो गई है। सरकारी मीडिया ने इस घटना की पुष्टि की है। खदान के दो ब्लॉकों में मीथेन गैस के रिसाव की वजह से यह विस्फोट हुआ है। यह खदान ईरान की राजधानी तेहरान से क़रीब 540 किलोमीटर दूर दक्षिण खुरासान प्रांत में है।

समाचार एजेंसी आईआरएनए ने जानकारी दी, ‘हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 51 पहुंच गई है, जबकि घायलों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है।’ ईरान के रेड क्रिसेंट के प्रमुख का हवाला देते हुए, सरकारी टीवी ने रविवार को कहा था कि 24 लोग लापता हैं। रॉयटर्स समाचार एजेंसी के मुताबिक़ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
पेज़ेशकियान ने टीवी पर प्रसारित एक वीडियो में कहा, ‘मैंने मंत्रियों से बात की है और हम इस मामले पर नज़र रखेंगे।’ अल ज़ज़ीरा के मुताबिक़, राष्ट्रपति पेज़ेशकियान संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा है कि खदान में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने और पीड़ित परिवारों की मदद करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंये साथ ही ये भी कहा कि इस घटना की जांच करने के आदेश दिए गए हैं।











