असम के धुबरी में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव के बीच कुल 38 गिरफ्तार, उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश

ईदुल अमीन
डेस्क: असम के धुबरी ज़िले में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव के बाद असम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 38 लोगों को गिरफ़्तार किया है। धुबरी पुलिस के अनुसार, ये गिरफ़्तारियां मंदिर के सामने कथित तौर पर गोमांस फेंके जाने की घटनाओं के साथ-साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों के सिलसिले में की गई हैं। धुबरी में यह ‘सांप्रदायिक तनाव’ बकरीद के ठीक बाद से शुरू हुआ था।

धुबरी के ज़िला उपायुक्त दिबाकर नाथ ने बताया था कि जिला प्रशासन ने 9 जून को कस्बे में निषेधाज्ञा लागू की थी, लेकिन माहौल सामान्य होने के बाद उसे हटा लिया गया। इन गिरफ़्तारियों के संदर्भ में मुख्यमंत्री सरमा ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट लिखकर बताया, ‘धुबरी गोमांस कांड में रात भर में 38 लोग गिरफ़्तार किए गए है।’
इससे पहले सीएम ने शुक्रवार को धुबरी का दौरा किया था और सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की थी। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ग़ैर-जमानती आरोपों या पिछले आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया जाएगा। धुबरी दौरे से सीएम के लौटने के महज़ चंद घंटों बाद उसी शाम ज़िले के पुलिस अधीक्षक नवीन सिंह का तबादला कर दिया गया था।
इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी लीना दौले को नई कप्तान के रूप में धुबरी भेजा गया है। बांग्लादेश की सीमा से सटे धुबरी लोकसभा सीट से पिछले चुनाव में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल के हारने और कांग्रेस के रकीबुल हुसैन के जीतने के बाद क्षेत्र की राजनीति उबाल पर है। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा सांसद गौरव गोगोई ने धुबरी के हालिया घटनाक्रम पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने धुबरी के मसले पर मीडिया से कहा, ‘क्षेत्र में शांति भंग करने के उद्देश्य से आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के ख़िलाफ़ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कार्रवाई के नाम पर किसी निर्दोष नागरिक को परेशान या पीड़ित न किया जाए।’











