ओडिशा: कालेज छात्रा के साथ कथित रेप और पीडिता द्वारा आत्महत्या प्रकरण में कालेज के प्रिसिपल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आदिल अहमद
डेस्क: ओडिशा के बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक छात्रा की आत्महत्या की कोशिश मामले में पुलिस ने प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को गिरफ्तार कर लिया है। सहदेव खूंटा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। बालासोर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज प्रसाद ने इस बात की पुष्टि की। कल रविवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा था, ‘किस स्थिति में यह घटना घटी उसकी जांच चल रही है। सरकार मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी।’

घटना के बाद छात्रा का परिवार प्रिंसिपल को गिरफ्तार करने की मांग कर रहा था। परिवार का आरोप था कि प्रिंसिपल ने सही समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया था और कालेज की आंतरिक जांच कमेटी ने भी अभियुक्त अध्यापक को बचाने की कोशिश की। इससे पहले, पुलिस ने इस मामले के मुख्य अभियुक्त शिक्षा विभाग के एचओडी समीर कुमार साहू को गिरफ्तार किया था।
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है। अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800-233-3330 से मदद ले सकते हैं। आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए।)











