“ई-बस और उ जेब”— वाराणसी में सरकारी ई-बसों में डिजिटल वसूली का खेल! लंका से कैंट (E-103 रूट) पर बिना टिकट सफर और कंडक्टर के पर्सनल UPI खाते में जा रहा किराया; बस नंबर UP-32-PN-6056 में ऑन-कैमरा खुली पोल, टीआई टीम की निगरानी पर उठे सवाल’

वाराणसी में सरकारी ई-बस सेवा में टिकट वसूली के नाम पर राजस्व को चूना लगाने का बड़ा खुलासा: लंका से कैंट (E-103 रूट) पर चलने वाली सरकारी बसों में यात्रियों से किराया तो पूरा लिया जा रहा है, लेकिन टिकट दिए बिना पैसा सीधे कंडक्टर के पर्सनल UPI खाते में ट्रांसफर कराया जा रहा है। बस नंबर UP-32-PN-6056 में दोपहर 2:40 बजे की गई पड़ताल में कंडक्टर द्वारा 'मोहित चौबे' नाम के निजी QR कोड पर भुगतान लेने और मांगने पर ही टिकट जारी करने का मामला सामने आया है। विभागीय टीआई टीम की निष्क्रियता और अधिकारियों के बयान पर PNN24 की विशेष ग्राउंड रिपोर्ट।

अनुराग पाण्डेय ‘अक्खड़ बनारसी’

वाराणसी (PNN24 News, 21 नवंबर 2026): आम जनता को सस्ता, सुगम और वातानुकूलित सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी में शुरू की गई सरकारी इलेक्ट्रिक बस (ई-बस) सेवा में टिकट घोटाले और राजस्व चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। लंका से कैंट मार्ग पर चलने वाले प्रमुख रूट E-103 पर यात्रियों से किराया वसूलने के बावजूद टिकट न देने और डिजिटल भुगतान के नाम पर सरकारी खाते के बजाय कंडक्टर के निजी (पर्सनल) UPI खाते में रकम लेने का खुलासा हुआ है।

📱 ‘डिजिटल भ्रष्टाचार’ का नया फॉर्मूला: सरकारी बस, किराया पर्सनल UPI में

ग्राउंड पड़ताल के दौरान सामने आया कि व्यस्त समय में बस पूरी भरी होने के बावजूद बेहद कम यात्रियों को ही आधिकारिक मशीन से टिकट जारी किया जा रहा है, जबकि अधिकांश यात्रियों से नकद या ऑनलाइन माध्यम से पूरा किराया वसूला जा रहा है:

  • पर्सनल QR कोड का इस्तेमाल: जब कोई यात्री ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहता है, तो कंडक्टर द्वारा सरकारी मशीन के बजाय अपना निजी QR कोड स्कैन कराया जाता है। पड़ताल के दौरान स्कैन करने पर ‘मोहित चौबे’ नाम के व्यक्तिगत UPI खाते का विवरण सामने आया।
  • बस नंबर UP-32-PN-6056 में ऑन-कैमरा पुष्टि: पड़ताल के क्रम में दोपहर 2:40 बजे रूट E-103 की ई-बस संख्या UP-32-PN-6056 में यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। जब सहयोगी मुस्कान अंसारी द्वारा ऑनलाइन UPI भुगतान किया गया, तो पहले टिकट नहीं दिया गया और जोर देकर मांगने के बाद ही टिकट जारी किया गया। 20-20 रुपये की यह अनियमितता प्रतिदिन और मासिक स्तर पर सरकारी खजाने को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा रही है।

🔍 टीआई टीम की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की प्रतिक्रिया पर सवाल

ई-बसों में टिकट चोरी रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI) टीम का गठन किया गया है, जिसका कार्य मार्गों पर औचक निरीक्षण करना है। हालांकि, लगातार 10 दिनों तक लंका से कैंट रूट पर की गई पड़ताल के दौरान निरीक्षण टीम की सक्रियता कहीं नजर नहीं आई, जिससे निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

मामले में जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया:

  • ARM (सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक): फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
  • ARM ग्रामीण: संपर्क करने पर उन्होंने मामले के लिए प्रबंध निदेशक (MD) से बात करने की बात कही।
  • MD (प्रबंध निदेशक): उनका कहना है कि इस संबंध में विभाग के पास अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

⚠️ यात्रियों की जागरूकता ही रोक सकती है राजस्व की चपत

अधिकारियों द्वारा शिकायत न मिलने का तर्क दिए जाने के पीछे एक बड़ी वजह यह भी है कि अधिकांश यात्री 10 या 20 रुपये के छोटे किराए के लिए टिकट मांगने या शिकायत दर्ज कराने की जहमत नहीं उठाते। परिणामस्वरूप, सरकारी संसाधनों— सरकारी बस, बिजली और चालक— के संचालन के बावजूद किराए की बड़ी रकम सरकारी कोष में जमा होने के बजाय निजी जेबों में जा रही है।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *