जयाप्रदा ने हैंडीक्राफ्ट ट्रेनिंग सेंटर का किया निरीक्षण, कहा कि सपा सरकार में हमेशा गरीब महिलाओं के साथ हुआ अन्याय

गौरव जैन
रामपुर : भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा आज पहाड़ी गेट स्थित हैंडीक्राफ्ट ट्रेनिंग सेंटर को पहुंची। वहां पहुंचकर उन्होने भवन को देखा, जहां पर धूल ही धूल थी। हैंडीक्राफ्ट सेंटर पर खराब रिक्शा व कूड़े का ढेर लगा हुआ था। जयाप्रदा ने वहां का हाल देख बहुत ही दुख जताया और कहा कि हम जिलाधिकारी से बात करेंगे और इसको जल्दी ही शुरू करवाएंगे।

इस दौरान उन्होंने सपा की पूर्व सरकार के खिलाफ भी जमकर बोला। उन्होंने पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होने रामपुर की गरीब महिलाओं के साथ धोखा और नाइंसाफी की। रामपुर के लोगों का रोजगार छिना, गरीबों के मकान तोड़े, बहन बेटियों के साथ नाइंसाफी की। बताते चले कि जया प्रदा इसके पूर्व रामपुर से सपा के टिकट पर सांसद रह चुकी है। लम्बे समय तक सपा के साथ रहने वाली जया प्रदा ने पार्टी में रहते हुवे कभी इस मुद्दे को नही उठाया था। मगर कहा जाता है कि सियासत में दल बदलने के बाद मुद्दे ज़रूर उठ जाते है। अब जया प्रदा जब खुद भाजपा में है और रामपुर से आज़म खान के हाथो चुनावी शिकस्त खाकर बैठी है।











