शिवसेना के पूर्व जिला प्रमुख एवं भाजपा नेता पार्षद पति की गोली मारकर हत्या, मृतक का था बड़ा अपराधिक इतिहास

हरमेश भाटिया
रामपुर। शिवसेना के पूर्व जिला प्रमुख अनुराग शर्मा की बुधवार की रात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पाते ही उनके समर्थक उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके हत्या की सूचना पाते ही उनके समर्थकों ने जिला अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद उनके समर्थक उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

मौत की खबर सुनकर परिजनों में भी कोहराम मच गया। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। पूर्व शिवसेना जिला प्रमुख जिला पंचायत का भी चुनाव लड़ चुके थे। फिलहाल उनकी पत्नी नगर पालिका के वार्ड नंबर 4 से सभासद है। शिवसेना के पूर्व जिला प्रमुख अनुराग शर्मा पर 2 दर्जन से अधिक मुकदमे भी चल रहे थे। अनुराग शर्मा का नाम पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर के रूप में भी दर्ज था तनाव के मद्देनजर आगापुर ज्वाला नगर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।












